गाय-भैंस चोरी में राजा-साहिब गिरफ्तार, दो पशु बरामद

0
कोतवाली रानीपुर

भैंस बेचने जा रहा था साहिब, दोबारा गाय चोरी करने पहुंचा राजा; अपाचे बाइक जब्त, फरार साथियों की तलाश

सूर्या संदेश,
हरिद्वार। पशु चोरी के दो मामलों में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की एक गाय और एक भैंस बरामद की है। एक आरोपी चोरी की भैंस बेचने जा रहा था, जबकि दूसरा अपने साथियों के साथ दोबारा गाय चोरी करने पहुंच गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक भी जब्त की है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुतुबपुर गांव से चोरी हुई भैंस को आरोपी ने सुमननगर स्थित अमरूद के बाग में छिपाकर रखा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर भैंस बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बहन के इलाज के लिए पैसों की जरूरत के चलते चोरी करने की बात कही।

दूसरे मामले में बीएचईएल सेक्टर-5 की सूखी नदी क्षेत्र से गाय चोरी के मामले में पुलिस ने राजा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने साथियों के साथ दोबारा गाय चोरी करने पहुंचा था। पुलिस को देखकर उसके कार सवार साथी फरार हो गए, जबकि बाइक गिरने से राजा पकड़ में आ गया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ टिहरी विस्थापित कॉलोनी और बीएचईएल सेक्टर-4 से भी गाय चोरी करने की बात स्वीकार की।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा (24) पुत्र निसार निवासी कस्साबान चौधरी वाली गली, ज्वालापुर और साहिब (19) पुत्र मुर्सलीन निवासी ग्राम गढ़, दादा पीर राव सोहेल के घर के पास, मीरपुर, रानीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराएं बढ़ाई हैं। राजा के साथ पशु चोरी की घटनाओं में शामिल फरार साथियों की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *