विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा हरिद्वार प्रशासन, बूथों की जांच के लिए दो दिन की समयसीमा

0
IMG_20261027_142911

Oplus_131072

सूर्या संदेश,

हरिद्वार। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मतदान केंद्रों की स्थिति का सत्यापन कर दो दिन में रिपोर्ट देने, लाइसेंसी शस्त्रों की जांच और निर्वाचन अधिकारियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।


मंगलवार को उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच कर समयसीमा के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।


जिलाधिकारी ने लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कर नियमानुसार जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। दुकानदारों और बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्डों के शस्त्रों के संबंध में भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।


निर्वाचन कार्यों के संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सूची तैयार की जाएगी। इसके अलावा उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं पर चर्चा करेंगे।

जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित


चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने और निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए।


बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली, खंड विकास अधिकारी लक्सर परवीन भट्ट, खंड विकास अधिकारी रुड़की सुमन कोटियाल, खंड विकास अधिकारी खानपुर आलोक गार्गेय, पवन सैनी, तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा, तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *