कुंभ 2027 से पहले हरिद्वार में 18 दिन चलेगा सफाई अभियान, 35 क्षेत्रों की जिम्मेदारी तय
सूर्या संदेश
हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में 21 अक्टूबर से 7 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर से गांवों और गंगा घाटों से लेकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और औद्योगिक क्षेत्रों तक सफाई की जिम्मेदारी तय की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के लिए 35 क्षेत्रों और संस्थाओं के नोडल अधिकारी नामित किए हैं। सभी अधिकारियों को सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें जीपीएस लोकेशन के साथ प्रतिदिन साझा करनी होंगी।
अभियान में नगर निगमों, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों के साथ शैक्षणिक संस्थानों, व्यापारिक संगठनों, औद्योगिक इकाइयों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गंगा घाटों के अलावा प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, राष्ट्रीय राजमार्गों, पार्किंग स्थलों, नहरों, तालाबों और सार्वजनिक परिसरों में भी सफाई कराई जाएगी।

अभियान की निगरानी के लिए सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन की कार्यवाही की जानकारी स्वच्छता कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ संबंधित क्षेत्र की जीपीएस लोकेशन और सफाई से पहले तथा बाद की तस्वीरें साझा करनी होंगी। इसके लिए 8273371714 मोबाइल नंबर निर्धारित किया गया है।
कुंभ की तैयारियों के तहत नगर निगम ने भी घाटों की सफाई शुरू कर दी है। विजयदशमी पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर निगम की टीम के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहयोग किया।
कुंभ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम होगा।
अभियान के दौरान 35 क्षेत्रों और संस्थाओं की निर्धारित जिम्मेदारियों के तहत सफाई कार्यों की निगरानी की जाएगी। इसकी प्रभावशीलता नियमित सफाई, कूड़े के उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने से तय होगी।
